Chandauli News: जमसोत-पथरौर में गिरिवासी सेवा संस्था और नारी संघ ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

Chandauli News: चंदौली के जमसोत और पथरौर गांव में गिरिवासी सेवा संस्था व नारी संघ ने स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति, स्वदेशी तकनीक, हरित भविष्य और समानता का संदेश दिया।

Sunil Kumar
Published on: 15 Aug 2026 8:46 PM IST (Updated on: 15 Aug 2026 8:46 PM IST)
Girivasi Seva Sanstha and Nari Sangh celebrate Independence Day
X

जमसोत-पथरौर में गिरिवासी सेवा संस्था और नारी संघ ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के सेमरसाधोपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत जमसोत और पथरौर गांव में स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गिरिवासी सेवा संस्था और पंचायत स्तरीय नारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व नारी संघ की लीडर नर्मदा और प्रभावती ने किया। समारोह की शुरुआत में स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायकों—भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस को नमन करते हुए सच्ची आजादी को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

स्वदेशी तकनीक और हरित भविष्य से बनेगा 'विकसित भारत 2047'

कार्यक्रम में पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता बिंदु कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 1947 में हमारे पूर्वजों ने देश को अंग्रेजों से आजाद कराया था। अब हमारी जिम्मेदारी भारत को 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने की है। उन्होंने इस वर्ष के संदेश 'स्वदेशी तकनीक और हरित भविष्य' पर जोर देते हुए कहा कि हर नागरिक स्वदेशी सामान अपनाए, पेड़ लगाए, प्लास्टिक का त्याग करे और सौर ऊर्जा का उपयोग करे। यदि महिलाएं हर घर में पौधा लगाएं, गांव को कचरा मुक्त बनाएं और बेटियों को पढ़ाएं, तो यही सच्ची आजादी होगी।


सामाजिक भेदभाव मिटाने और संविधान को अपनाने पर जोर

सामाजिक कार्यकर्ता भवन कुमार विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के 80 वर्ष बाद भी समाज में व्याप्त भेदभाव को खत्म करने की जरूरत है। डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान हर नागरिक को समानता और सम्मान से जीने का अधिकार देता है। उन्होंने सभी से संविधान के नियमों को अपने व्यवहार में लाने की अपील की। वहीं, संस्था के कोआर्डिनेटर अयोध्या ने आजादी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वतंत्रता केवल शासन से मुक्ति नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, अभिव्यक्ति और अपने अधिकारों के साथ जीने का अवसर है।


महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है संस्था

गिरीवासी सेवा संस्था वन क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं के सर्वांगीण विकास, हक और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का काम कर रही है। कार्यक्रम में शांति, रीता, राजमनी, सीता, प्रभावती, बालम, रामचंद्र, प्रमिला, फूलवंती, लल्लन केशरी, रवींद्र कुमार, लालसाहब और रामप्यारे सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story