TRENDING TAGS :
Chandauli News: बाथरूम में मिला विवाहिता का शव, पुलिस कार्रवाई में जुटी
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में विवाहिता का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
बाथरूम में मिला विवाहिता का शव, पुलिस कार्रवाई में जुटी (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौरी गांव में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक और चर्चा का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सानू बाथरूम में गई और वापस नहीं आई
मृतका की पहचान सानू (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वाराणसी की निवासिनी सानू की शादी वर्ष 2023 में अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौरी गांव निवासी धीरज यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से वह अपने ससुराल में रह रही थीं। मंगलवार शाम परिवार के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे, इसी दौरान सानू घर में बने बाथरूम में गईं। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि सानू ने बाथरूम के अंदर कुंडी के सहारे फांसी लगा ली थी। परिजन आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शरद गुप्ता ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।


