TRENDING TAGS :
Chandauli News: मुख्यमंत्री से मिले विधायक, नमो घाट घटना में सख्त कार्रवाई और क्षेत्र की प्रमुख मांग
Chandauli News: विधायक रमेश जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर नमो घाट मौत मामले में सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सहायता और क्षेत्रीय विकास की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री से मिले विधायक, नमो घाट घटना में सख्त कार्रवाई और क्षेत्र की प्रमुख मांगों को उठाया (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने लखनऊ में योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर चंदौली जनपद और अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने वाराणसी के नमो घाट पर हुई मारपीट की घटना में मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि राजेश जायसवाल (चिंटू) की नमो घाट पर कथित रूप से बाउंसरों द्वारा मारपीट किए जाने के बाद मृत्यु हो गई थी। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का आग्रह किया। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच कराकर आवश्यक और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक रमेश जायसवाल ने विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं
मुलाकात के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं। उन्होंने नियामताबाद में निर्माणाधीन राजकीय महिला इंटर कॉलेज का निर्माण शीघ्र पूरा कराकर पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा दीनदयालनगर (मुगलसराय) में स्थायी सब्जी मंडी के निर्माण तथा क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम स्थापित किए जाने का अनुरोध किया।
उन्होंने बबुरी क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अविलंब संचालित कराने की आवश्यकता भी बताई, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। साथ ही चंदौली स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के लिए समुचित संसाधन एवं व्यवस्थाएं विकसित करने की मांग रखी।
इसके अतिरिक्त विधायक ने वाराणसी में अपने समाज के कुलदेवता भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा स्थापित किए जाने का भी प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल के साथ मनोज जायसवाल तथा देव जायसवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात को क्षेत्रीय विकास और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


