Chandauli News: नए मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के चलते 21 सितंबर से कई ट्रेनों का बदलेगा मार्ग

Chandauli News: 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक कई एक्सप्रेस और वंदे भारत सहित अनेक ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलें

Ashvini Mishra
Published on: 3 Aug 2026 8:50 PM IST
Chandauli News: नए मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के चलते 21 सितंबर से कई ट्रेनों का बदलेगा मार्ग
X

Chandauli News

Chandauli News: नए मोकामा रेल पुल से ट्रेनों का परिचालन शुरू कराने के लिए रेलवे द्वारा 21 सितंबर 2026 से नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य कराया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के दौरान 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न तिथियों में कई एक्सप्रेस, मेल, वंदे भारत, गरीब रथ और मेमू ट्रेनों का परिचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस अवधि में पूर्व मध्य रेलवे और पूर्व रेलवे से होकर गुजरने वाली अनेक ट्रेनों को दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बरौनी, किउल, बिहारशरीफ, शेखपुरा, गया और ग्रैंड कॉर्ड मार्ग से चलाया जाएगा। प्रभावित ट्रेनों में पूर्वा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, अमृतसर–हावड़ा मेल, विभूति एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस, पूर्वांचल एक्सप्रेस, मिथिला एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस, कर्मभूमि एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे ने बताया कि एनआई कार्य के दौरान ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है ताकि नए मोकामा रेल पुल पर आवश्यक तकनीकी कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पुनः सामान्य मार्ग से शुरू कर दिया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग, समय और वर्तमान परिचालन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। परिवर्तित मार्ग के कारण कुछ ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में भी बदलाव संभव है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए सभी संबंधित स्टेशनों पर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही रेलवे हेल्पलाइन, स्टेशन पूछताछ काउंटर और आधिकारिक माध्यमों से भी ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story