TRENDING TAGS :
Chandauli News: मुगलसराय में जानलेवा हमला करने वाला हिस्ट्रीशीटर राकेश गिरी गिरफ्तार, चाकू बरामद
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने मुगलसराय में जानलेवा हमला करने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर राकेश गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की मुगलसराय थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी राकेश कुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। घायल बुजुर्ग का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
पेट्रोल पंप के पास चाकू से किया था हमला
घटना 2 जून 2026 की है। कैलाशपुरी महमूदपुर के रहने वाले राम लखन गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता मुन्नका प्रसाद गुप्ता पर गुरुद्वारे के आगे पेट्रोल पंप के पास जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। आरोपी राकेश कुमार गिरी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पीड़ित को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
अपराधी की धरपकड़ के लिए मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी करके रविनगर काली मंदिर मोड़ के पास से आरोपी राकेश कुमार गिरी उर्फ विजय गिरी (उम्र 62 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद केस में आर्म्स एक्ट (आयुध अधिनियम) की धाराएं भी जोड़ी गईं।
विवाद के बाद किया था हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी राकेश गिरी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मुगलसराय थाने का हिस्ट्रीशीटर है। कुछ दिनों पहले कैलाशपुरी इलाके में उसका एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। 2 जून की रात को इसी बात को लेकर दोबारा झगड़ा बढ़ गया, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर मुन्नका प्रसाद गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर छिप रहा था।
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त राकेश कुमार गिरी एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही मुगलसराय और अलीनगर थानों में हत्या के प्रयास (धारा 307) और गुंडा एक्ट सहित करीब 6 गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम: इस कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विजय राज, उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद, कांस्टेबल राहुल कुमार यादव और संजीव कुमार पटेल शामिल रहे।


