Chandauli News: बारात के डीजे ने उजाड़ी घर की खुशियां, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

Chandauli News: नौगढ़ बाजार में बारात के दौरान डीजे की टक्कर से बाघी निवासी 60 वर्षीय बंधु जायसवाल घायल हो गए। सीएचसी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Sunil Kumar
Published on: 26 Nov 2026 11:12 PM IST
Baraat DJ celebrates Uzadi Ghar ki happiness, 60-year-old man dies
X

बारात के डीजे ने उजाड़ी घर की खुशियां, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली।चंदौली के नौगढ़ बाजार में शादी की खुशियों के बीच एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। बारात में बज रहे डीजे की चपेट में आने से स्थानीय निवासी बंधु जायसवाल (60) की जान चली गई। इस घटना ने एक बार फिर बारातों और आयोजनों में बेलगाम डीजे के जानलेवा खतरे को सामने ला खड़ा किया है।

नाच-गाने के बीच हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, नौगढ़ बाजार में आज एक बारात पहुंची थी। बाराती डीजे की तेज धुन पर थिरकते हुए जश्न मना रहे थे। इसी दौरान भीड़ और शोर-शराबे के बीच डीजे का धक्का लगने से नौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाघी निवासी बंधु जायसवाल (उम्र लगभग 60 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में बुजुर्ग को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। खुशियों के माहौल में अचानक हुई इस मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस की कार्रवाई और गांव में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उधर, बंधु जायसवाल की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बाजार में बारात की चहल-पहल थी, वहां अब मातम और आक्रोश का माहौल है।

बेलगाम डीजे पर कब कसेगा शिकंजा?

शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में नियम-कायदों को ताक पर रखकर बड़े-बड़े डीजे और साउंड सिस्टम उतारना आम बात हो गई है। न सुरक्षा के इंतजाम और न ही भीड़ नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था। नतीजा यह होता है कि किसी की खुशियां मातम में बदल जाती हैं और निर्दोष लोगों की जान चली जाती है। सवाल यह है कि आखिर कब तक प्रशासन और आयोजकों की लापरवाही की कीमत आम लोग अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story