TRENDING TAGS :
Chandauli News : नौगढ़ के जंगल में भालू के हमले से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ जंगल क्षेत्र में भालू के हमले से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि वन विभाग और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। यह घटना मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को भी उजागर करती है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ नौगढ़ थाना क्षेत्र के गहरे जंगलों में एक 26 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक पर जंगली भालू ने जानलेवा हमला किया है। इस दुखद हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसर गया है और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
लकड़ी बीनने गया था युवक, रातभर रहा लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौगढ़ के शमशेरपुर गांव का निवासी राजू (26 वर्ष) बुधवार की दोपहर करीब 3 बजे जलौनी लकड़ी इकट्ठा करने के लिए जंगल की ओर गया था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। घरवालों ने रातभर उसे हर संभावित जगह पर ढूंढा, लेकिन राजू का कहीं कोई अता-पता नहीं चल सका।
सुबह जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव
अगले दिन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब कुछ ग्रामीण जंगल की तरफ गए, तो उन्होंने गहिला बाबा जंगल स्थित खड़ीगढ़ के पास एक युवक का शव देखा। नजदीक जाने पर उसकी पहचान लापता राजू के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
भालू के हमले से इलाके में दहशत
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, राजू के शरीर पर गहरे जख्म और जंगली जानवर के दांतों के निशान पाए गए हैं। पुलिस का अनुमान है कि जंगल में अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया होगा, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से जंगली इलाकों के ग्रामीणों में भारी दहशत है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राजू की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी तेतरी बदहवास हो गई है और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। राजू अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिसमें 3 साल का बेटा दिनेश और महज 1 साल की बेटी रजनी शामिल है। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।अधिकारी का बयान: क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शरीर पर मिले घाव भालू के हमले की ओर इशारा कर रहे हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी


