Chandauli News: नौगढ़ में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, कटियामार मौज में, बिलदाता परेशान

Chandauli News: नौगढ़ में लो-वोल्टेज, अघोषित कटौती, जर्जर तार और टूटे खंभों से लोग परेशान हैं, जबकि अवैध कनेक्शनधारी बेखौफ बिजली का उपयोग कर रहे हैं।

Sunil Kumar
Published on: 18 Jun 2026 4:44 PM IST
Power supply destroyed in Naugarh, bildata troubled in Katiamar Mauj
X

 नौगढ़ में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, कटियामार मौज में, बिलदाता परेशान (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में इन दिनों बिजली संकट गहरा गया है। क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है, जिससे आम जनता त्रस्त है। यहाँ का सबसे कड़वा सच यह है कि जो उपभोक्ता ईमानदारी से बिजली का बिल भर रहे हैं, वे लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर, अवैध कटियामार (बिना कनेक्शन के बिजली उपयोग करने वाले) बेखौफ होकर बिजली का दोहन कर रहे हैं और विभागीय लापरवाही के कारण मस्त हैं।


रोस्टिंग और फॉल्ट के नाम पर घंटों कटौती

नौगढ़ क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली का खेल चौबीसों घंटे जारी रहता है। कभी 11KV आउटगोइंग फीडर की रोस्टिंग के नाम पर, तो कभी मेंटेनेंस के बहाने घंटों बिजली गुल रखी जा रही है। अमदहा, परासिया और चकरघट्टा जैसे फीडरों पर आए दिन ब्रेकडाउन की समस्या बनी रहती है। चिलचिलाती गर्मी में रात-रात भर होने वाली इस कटौती से स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है।


जर्जर तार और टूटे पोल दे रहे बड़े हादसों को दावत

क्षेत्र में केवल कटौती ही समस्या नहीं है, बल्कि बिजली के बुनियादी ढांचे की स्थिति भी बेहद जर्जर हो चुकी है। देवखत स्थित वाल्मीकि आश्रम परिसर के अंदर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तार पेड़ों की डालियों से छू रहे हैं, जिससे आए दिन शॉर्ट-सर्किट होता रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आश्रम के पास ही एक विद्युत पोल (खंभा) नीचे से और दूसरा बीच से टूटा हुआ है। आंधी-तूफान आने पर यहाँ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन बिजली विभाग इसे लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है।


केबल जलने और फॉल्ट की लगातार आ रही शिकायतें

जंगल और ग्रामीण इलाकों से घिरे नौगढ़ में तकनीकी खराबी की समस्या आम हो चुकी है। हाल ही में नूनवट इलाके में केबल जलने की वजह से अमदहा फीडर को लंबे समय तक बंद रखना पड़ा। हालांकि, लाइनमैनों द्वारा फॉल्ट को ठीक करने का दावा किया जाता है, लेकिन कुछ ही घंटों बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।


उपभोक्ताओं की मांग: नौगढ़ के जागरूक नागरिकों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में जर्जर तारों और टूटे खंभों को तुरंत बदला जाए। साथ ही, ईमानदारी से बिल देने वाले वैध उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए अवैध कनेक्शनधारियों के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाए।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story