Chandauli News : नौगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती, रात के अंधेरे में कट रही जिंदगी

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ में पेड़ गिरने और लाइन फॉल्ट से कई फीडर प्रभावित हैं। रातभर बिजली गुल रहने से ग्रामीण उमस, अंधेरे और परेशानी झेल रहे हैं।

Sunil Kumar
Published on: 7 Jun 2026 10:42 PM IST
Announced power cut amidst scorching heat in Naugarh, life cut short in the darkness of night
X

नौगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती, रात के अंधेरे में कट रही जिंदगी (Photo- Social Media)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का अति पिछड़ा क्षेत्र नौगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और बिजली की भारी किल्लत से जूझ रहा है। आसमान से बरसती आग और उमस के बीच बिजली विभाग की अघोषित रात्रि कटौती ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन तो किसी तरह साये में गुजर जाता है, लेकिन रात होते ही घंटों बिजली गुल रहने से पूरा इलाका अंधेरे के आगोश में समा जाता है। सरकार द्वारा केरोसिन (मिट्टी का तेल) की सप्लाई पहले ही बंद की जा चुकी है, ऐसे में गरीब और आम आदमी रात के वक्त घने अंधेरे में रहने को मजबूर है।

पेड़ गिरने और इंसुलेटर पंचर होने से फीडर ठप

बिजली विभाग के तकनीकी कर्मचारियों से मिली आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ घंटों में इलाके में कई जगह बड़े फॉल्ट आए हैं। सोनभद्र के सरंगी और सारंगा गांव में पीपल का एक विशाल पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। इसके अलावा पथरौल और जमसोत गांव में 11,000 वोल्ट की लाइन का इंसुलेटर (सिलेटर) पंचर हो गया और तार नीचे गिर गए। इस बड़े ब्रेकडाउन के कारण अमदहा फीडर से जुड़े गांवों की बत्ती पूरी तरह गुल रही, जिसे ठीक करने के लिए कर्मचारी लगातार जुटे रहे।


बिजली विभाग की कार्रवाई: कहीं राहत तो कहीं काम जारी

बिजली संकट को दूर करने के लिए बिजली विभाग के लाइनमैन और कर्मचारी मुस्तैद दिखे। विभाग से मिली ताजा अपडेट के अनुसार:

धनकुआरी पंप कैनाल: लाइन पर गिरे पेड़ को हटाकर नया पोल खड़ा करने का काम पूरा कर लिया गया है।

बरवाडीह और परासिया फीडर: परासिया फीडर में ब्रेकडाउन के बाद नौगढ़ से दो बार ब्रेकर बैठाया गया, जिसके बाद अब बरवाडीह और परासिया फीडर नॉर्मल हो चुके हैं।

चकरघट्टा फीडर:यहाँ के सभी फीडर फिलहाल नॉर्मल हैं, लेकिन रात 9:30 से 10:00 बजे तक आधे घंटे की आधिकारिक कोड रोस्टिंग (कटौती) की गई।

होरीला और गहीला: होरीला में गिरे तार को उठाकर, गहीला से लाइन खोलकर और मगरही से टेपिंग कर सप्लाई चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों की मांग: रात की कटौती से मिले मुक्ति

वर्तमान में गहीला, सुखदेव साहपुर, जमसोत, होरीला और पथरौल की लाइन को होल्ड पर रखकर फ्यूज बांधने का काम किया जा रहा है। नौगढ़ के प्रभावित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि फॉल्ट और मरम्मत का काम दिन में ही निपटाया जाए, ताकि रात के समय बूढ़े, बच्चों और बीमार लोगों को इस तपती गर्मी में बिना बिजली के न तड़पना पड़े।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story