Chandauli News: 10 लाख रुपये के अवैध गांजे के साथ बिहार का शातिर तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य के अवैध गांजे के साथ बिहार के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Sunil Kumar
Published on: 10 Jun 2026 6:20 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। मुगलसराय थाना पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सेंट्रो कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से बिहार के रहने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 31.2 किलोग्राम गांजा मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहा था तस्कर

पुलिस के आलाधिकारियों के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से मुगलसराय पुलिस और स्वॉट टीम चकिया तिराहा इलाके में संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने जब ओड़िशा नंबर की एक हुंडई सेंट्रो कार (OR02 AK 8591) को रोकने का इशारा किया, तो चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी करके कार को रोक लिया और चालक को दबोच लिया।

कार से मिले गांजे के 17 पैकेट

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 28 वर्षीय अतहर फारुकी के रूप में हुई है, जो बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जब पुलिस ने उसकी कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से छुपाकर रखे गए गांजे के 17 पैकेट बरामद हुए। तोलने पर गांजे का कुल वजन 31 किलो 200 ग्राम निकला। पुलिस ने गांजे और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया है।

बिहार से लाकर वाराणसी में खपाने की थी योजना

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अतहर फारुकी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के लिए बिहार से कम दामों में अवैध गांजा लाता था। इस खेप को वह वाराणसी और उसके आस-पास के जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

कड़ी कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस टीम

मुगलसराय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस शानदार कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में मुगलसराय के थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, स्वॉट प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा और उनकी टीम के जांबाज सिपाही शामिल रहे।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story