Chandauli News: गंगा में डूबे युवक की तलाश में लापरवाही पर ग्रामीणों का चक्का जाम, प्रशासन पर आरोप

Chandauli News: चंदौली के धानापुर में गंगा नदी में डूबे युवक की तलाश में कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

Ashvini Mishra
Published on: 12 May 2026 3:32 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे युवक मंगल यादव की तलाश में कथित लापरवाही को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुद्धपुर गांव में धानापुर–चहनिया मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मनोज उपाध्याय के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मौके पर सकलडीहा के उपजिलाधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया जाए। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कार्रवाई और जवाबदेही की मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों का आरोप था कि प्रशासन ने युवक की तलाश में गंभीरता नहीं दिखाई। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार खोजबीन कर रही है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी मंगल यादव का कोई पता नहीं चल सका है। टीम द्वारा असमर्थता जताए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। चक्का जाम के कारण धानापुर–चहनिया मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस मौके पर पहुंचकर लगातार लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी रही, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर डटे रहे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बुद्धपुर गांव निवासी 18 वर्षीय मंगल यादव, पुत्र किशुनदेव यादव, अपने तीन साथियों के साथ भैंस लेकर गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान चारों युवक तैरकर नदी पार करने लगे, तभी तेज बहाव की चपेट में आकर मंगल यादव गहरे पानी में डूब गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने पहले स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की, बाद में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम भी लगाई गई, लेकिन अब तक युवक का पता नहीं चल सका है।

धरना-प्रदर्शन की सूचना पर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि अधिकारी समय पर संवेदनशीलता दिखाते, तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही युवक का पता नहीं चला और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story