TRENDING TAGS :
Chandauli News: फर्जी फाइनेंस कंपनी का होता था संचालन, दर्ज था मुकदमा, महिला सहित तीन गिरफ्तार
Chandauli News: चंदौली में फर्जी फाइनेंस कंपनी चलाने के आरोप में महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद की साइबर थाना चंदौली पुलिस को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी माइक्रो फाइनेंस एवं निधि लिमिटेड कंपनी बनाकर देशभर में ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े बैंक खातों में मौजूद 1.42 करोड़ रुपये की संदिग्ध धनराशि को होल्ड भी कराया है।
अपार पुलिस अधीक्ष अनंत चंद्र शेखर ने बताया की साइबर थाना पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि कुछ लोग फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के नाम पर कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी मनी, बीमा शुल्क और अन्य चार्ज के नाम पर रकम वसूल रहे थे। शिकायतों के विश्लेषण और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ।
जांच में पता चला कि गिरोह द्वारा संचालित बैंक खातों से संबंधित 16 साइबर शिकायतें विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं। इसके अलावा नोएडा में भी इनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत पाया गया। सूचना मिलने पर साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने चंदौली स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग सामान हटाकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आसान शर्तों पर ऋण दिलाने का झांसा देते थे और 5 हजार से 25 हजार रुपये तक विभिन्न शुल्कों के नाम पर वसूली करते थे। पुलिस के अनुसार ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। छापेमारी के दौरान 3 सीपीयू, 3 मॉनिटर, 3 की-बोर्ड, 2 माउस, 2 प्रिंटर, 350 पासबुक, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, विभिन्न नामों की मुहरें और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।


