Chandauli News: ट्रक और डंफर में भीषण टक्कर, चालक का किया गया रेस्क्यू

Chandauli News: चंदौली के जगदीश सराय के पास तेज रफ्तार डंफर ट्रक से टकराया, केबिन में फंसे चालक को हाइड्रा मशीन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

Ashvini Mishra
Published on: 25 May 2026 6:47 PM IST (Updated on: 25 May 2026 6:48 PM IST)
Heavy collision between truck and Dunfer, driver rescued
X

ट्रक और डंफर में भीषण टक्कर,चालक का किया गया रेस्क्यू (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जनपद में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सदर थाना क्षेत्र के जगदीश सराय के समीप नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार डंफर ने आगे चल रही एक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंफर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

डंफर और ट्रक में भिड़ंत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंफर काफी तेज गति में था। अचानक सामने चल रही ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। दुर्घटना के बाद डंफर चालक दर्द से कराहता रहा, लेकिन केबिन में फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और हाइड्रा मशीन की मदद से करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया। कुछ समय तक एनएच-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story