TRENDING TAGS :
Chandauli News: NH-24 की बदहाली पर विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी
Chandauli News: चंदौली में NH-24 की बदहाल स्थिति पर पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने नाराजगी जताई। उन्होंने जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त न करने की बात कहते हुए जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एनएच-24 (जमानिया-सैयदराजा मार्ग) की खस्ताहाली और सड़क पटरियों के नाम पर केवल लीपापोती किए जाने को लेकर आम जनता का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने सड़क की बदहाल स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन और सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि सड़क किनारे केवल ऊपरी खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता की सुरक्षा के लिए पक्की और सुरक्षित पटरी का निर्माण होना चाहिए।
सड़क पटरियों पर लीपापोती बर्दाश्त नहीं
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एनएच-24 पर जमानिया से सैयदराजा के बीच सड़क की पटरियों की क्या स्थिति है। पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने खुद मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे की मिट्टी और गड्ढों का जायजा लिया। उन्होंने दिखाया कि किस तरह जेसीबी से केवल सतही तौर पर मिट्टी को इधर-उधर कर खानापूर्ति की गई है। स्थिति यह है कि इन पटरियों पर एक मोटरसाइकिल तक खड़ी करना या पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है।
प्रशासन के लिए चेतावनी: सांकेतिक धरना तो सिर्फ शुरुआत
पूर्व विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि सिर्फ मिट्टी डालकर सड़क पटरियों को दुरुस्त करने का ढोंग किया जाएगा, तो जनता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता की जान-माल की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने ऐलान किया है कि इस अ व्यवस्था के खिलाफ ग्राम कजहरा, एनएच-24 पर सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से एक बड़ा सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सड़क पर ही टेंट लगाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
सुनवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन
मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने प्रशासनिक अधिकारियों को आगाह किया है कि धरना केवल एक शुरुआत है। यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया और सड़क किनारे सुरक्षित पटरियों का पक्का निर्माण नहीं कराया गया, तो इस विरोध को एक बड़े जन-आंदोलन में बदल दिया जाएगा। अब यह देखना बेहद अहम होगा कि प्रशासन इस चेतावनी के बाद हरकत में आता है या जनता का गुस्सा सड़क पर फूटता है।


