TRENDING TAGS :
Chandauli News: साजिश के तहत ओलंपिक खिलाड़ी को गिरफ्तार, क्षत्रिय महासभा ने आंदोलन की दी चेतावनी
Chandauli News: ओलंपिक खिलाड़ी की गिरफ्तारी को लेकर थानाध्यक्ष पर साजिश के आरोप लगाए गए हैं। क्षत्रिय महासभा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जिले में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर ओलंपियन भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल सिंह की गिरफ्तारी के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि बलुआ थाना अध्यक्ष ने साजिश के तहत शिवपाल सिंह को जेल भेजा है, जिससे उनके खेल करियर पर गंभीर असर पड़ सकता है।
भूपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि धानापुर थाना क्षेत्र के हिगुतरगढ़ गांव निवासी शिवपाल सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और उन्होंने ओलंपिक सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए पदक जीते हैं। ऐसे खिलाड़ी के साथ कथित रूप से पक्षपातपूर्ण कार्रवाई न केवल उनके व्यक्तिगत भविष्य के लिए नुकसानदायक है, बल्कि यह खेल जगत के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शिवपाल सिंह पर कई अन्य मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। इससे क्षेत्र के लोगों और खेल प्रेमियों में नाराजगी है। उन्होंने बलुआ थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने तथा थानाध्यक्ष पर कार्यवाही करने की भी मांग किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी खिलाड़ी पर कोई आरोप है तो उसकी निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच होनी चाहिए, लेकिन किसी के खेल जीवन को समाप्त करने जैसी कार्रवाई उचित नहीं कही जा सकती। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शिवपाल सिंह निर्दोष पाए जाते हैं तो उन्हें शीघ्र न्याय दिलाया जाए। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में प्राप्त ज्ञापन का परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष ढंग से कराई जाएगी और यदि जांच में शिवपाल सिंह दोषी नहीं पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएम के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई।


