Chandauli News: अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, असलहे के बल पर लूट करने वाले दो गिरफ्तार

Chandauli News :घरेलू एलपीजी सिलेंडर 29 रुपये महंगा होने पर विपक्ष का केंद्र सरकार पर हमला, अखिलेश यादव और कांग्रेस ने साधा निशाना।

Ashvini Mishra
Published on: 7 Jun 2026 9:27 AM IST
Chandauli News: अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, असलहे के बल पर लूट करने वाले दो गिरफ्तार
X

Chandauli Police Encounter

Chandauli News: उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चहनियां बाजार में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का सफल अनावरण कर दिया है। थाना बलुआ पुलिस ने असलहे के बल पर राहगीरों से मोबाइल और नकदी लूटने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, एक अवैध पिस्टल, एक अवैध 315 बोर तमंचा तथा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को गोविन्द मिश्रा निवासी मिश्रपुरा, थाना बलुआ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जून को दोपहर करीब 12 बजे चहनियां बाजार में पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी और उनका वीवो मोबाइल फोन तथा 3200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना बलुआ पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। रविवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आए हुए हैं और फरार होने की फिराक में हैं। इसके बाद बलुआ पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान के बाएं हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें मुख्य आरोपी अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। दूसरे आरोपी आकाश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू निवासी अटौली थाना धानापुर तथा आकाश कुमार निवासी महुअर थाना बलुआ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story