Chandauli News: बेटा, एक कफन भी ले आते! बीमार दादी का यह कथन चौकी इंचार्ज को किया भावुक

Chandauli News: दीपावली पर अजय यादव बुजुर्ग महिला के लिए साड़ी, शॉल, स्वेटर और मिठाई लेकर पहुंचे। दादी की बात सुनकर चौकी प्रभारी भावुक हो गए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

Ashvini Mishra
Published on: 8 Nov 2026 1:15 PM IST
Chandauli News
X

बेटा, एक कफन भी ले आते! बीमार दादी का यह कथन चौकी इंचार्ज को किया भावुक (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली, वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के भीतर भी एक संवेदनशील और भावुक इंसान छिपा होता है। कभी-कभी उनके ऐसे मानवीय चेहरे सामने आते हैं, जो लोगों के दिलों को छू जाते हैं। ऐसा ही एक भावुक और प्रेरणादायक मामला जनपद चंदौली के मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत जलीलपुर चौकी क्षेत्र से सामने आया है। यहां चौकी प्रभारी अजय यादव ने दीपावली के अवसर पर एक बीमार बुजुर्ग महिला के घर पहुंचकर उन्हें खुशियों का एहसास कराया।

जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी अजय यादव दीपावली के मौके पर बुजुर्ग दादी के लिए साड़ी, शॉल, स्वेटर और मिठाइयां लेकर उनके घर पहुंचे। अचानक पुलिस अधिकारी को इतने स्नेह और अपनत्व के साथ अपने दरवाजे पर देखकर बुजुर्ग महिला भावुक हो उठीं। इस दौरान दादी ने दरोगा जी से कहा, "बेटा, इतना सामान क्यों लाए। एक कफन भी ले आते।" दादी की यह बात सुनकर चौकी प्रभारी अजय यादव भी खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके। उनकी आंखें नम हो गईं और वहां मौजूद लोगों का दिल भी इस दृश्य को देखकर भर आया।

बताया जाता है कि अजय यादव जब रेलवे चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे, उसी दौरान उनकी मुलाकात इस बुजुर्ग महिला से हुई थी। एक गिलास पानी से शुरू हुआ यह रिश्ता धीरे-धीरे आत्मीयता, विश्वास और पारिवारिक स्नेह में बदल गया। समय बीता, उनका तबादला हो गया और जिम्मेदारियां भी बदल गईं, लेकिन दादी के प्रति उनका अपनापन कम नहीं हुआ।

दीपावली जैसे त्योहार पर जहां लोग अपने परिवार और करीबियों के साथ खुशियां मनाते हैं, वहीं अजय यादव ने एक बुजुर्ग महिला के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास कर पुलिस की मानवीय तस्वीर पेश की। उनका यह कदम बताता है कि रिश्ते पद और तैनाती के मोहताज नहीं होते, बल्कि सच्चे अपनापन और संवेदनशीलता से बनते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग चौकी प्रभारी अजय यादव के इस मानवीय कार्य की सराहना कर रहे हैं। वर्दी के साथ इंसानियत और संवेदना का यह मेल पुलिस के प्रति समाज में विश्वास को मजबूत करने वाला संदेश दे रहा है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story