Chandauli News: चंदौली पुलिस का 'ऑपरेशन वज्रपात': सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वाले 64 गैंग रडार पर

Chandauli News: चंदौली में सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वाले गैंगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन वज्रपात के तहत 64 गैंग चिन्हित, 187 पर मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की गई है अब।

Sunil Kumar
Published on: 7 Jun 2026 3:34 PM IST (Updated on: 7 Jun 2026 3:36 PM IST)
Chandauli Polices Operation Vajrapat: 64 gangs appearing on social media radar
X

चंदौली पुलिस का 'ऑपरेशन वज्रपात': सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वाले 64 गैंग रडार पर (Photo- Social Media)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए खौफ फैलाने वाले हुड़दंगियों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण के कड़े निर्देश पर चंदौली पुलिस ने 5 दिवसीय एक विशेष अभियान 'ऑपरेशन वज्रपात' चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप) पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने, रील्स के जरिए दबंगई दिखाने और समाज में डर का माहौल पैदा करने वाले तत्वों की कमर तोड़ना है। इस बड़ी कार्रवाई से जिले के डिजिटल अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

5 दिनों का महाअभियान: 64 गैंग चिन्हित, 187 पर मुकदमा

चंदौली पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान दिनांक 01 जून 2026 से 05 जून 2026 तक पूरे जिले में पूरी मुस्तैदी के साथ चलाया गया। इस 5 दिवसीय 'ऑपरेशन वज्रपात' के दौरान पुलिस ने बीट स्तर पर काम करते हुए सोशल मीडिया पर एक्टिव कुल 64 खतरनाक गैंगों को चिन्हित किया। इनमें से 49 गैंगों के खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन मुकदमों में 187 नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है, जिनमें से 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि 65 अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए विधिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार किए गए मुख्य अभियुक्तों का विवरण

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर भय और आतंक का माहौल बनाने वाले जिन 4 मुख्य आरोपियों को दबोचा है, उनके नाम और पते निम्नलिखित हैं:

आमिर अहमद (24 वर्ष): पुत्र जियाउद्दीन, निवासी- ग्राम बड़गावां, थाना बलुआ, चंदौली।

रम्मन सोनकर (48 वर्ष): पुत्र स्व. प्यारेलाल सोनकर, निवासी- न्यू महाल नईसट्टी, रस्तोगी गली, थाना मुगलसराय, चंदौली।

प्रांशु चौहान (23 वर्ष): पुत्र राजकुमार चौहान उर्फ पप्पू, निवासी- हनुमानपुर, थाना मुगलसराय, चंदौली।

संतोष यादव (33 वर्ष): पुत्र राम जनम यादव, निवासी- ग्राम अमृतपुर, थाना नौगढ़, चंदौली।

थानावार कार्रवाई की रिपोर्ट: कहाँ दर्ज हुए कितने मुकदमे?

चंदौली पुलिस ने जिले के सभी थानों को इस अभियान में झोंक दिया था। 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत थानों में दर्ज किए गए मुकदमों का पूरा विवरण इस प्रकार है:मुगलसराय 06 धानापुर 06, बलुआ 05 अलीनगर 04 सैयदराजा 04 ,बबुरी 03 कंदवा 03,धीना 02 ,चकरघट्टा, 02 नौगढ़ 02 ,सकलडीहा 02 , इलिया,02 ,शहाबगंज,02 ,चकिया 01

युवाओं को गुमराह करने वालों पर डिजिटल स्ट्राइक

पूछताछ और जांच में सामने आया कि ये सोशल मीडिया गैंग अक्सर भड़काऊ पोस्ट, अवैध असलहों के साथ रील्स और आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन करते थे। इनका मुख्य मकसद स्थानीय स्तर पर अपना दबदबा कायम करना और कम उम्र के युवाओं को गुमराह कर अपनी तरफ आकर्षित करना था। चंदौली पुलिस अब ऐसे सभी ग्रुपों के एडमिन और सक्रिय सदस्यों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस का साफ कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनता से अपील: सीक्रेट व्हाट्सएप बॉट नंबर पर दें जानकारी

चंदौली पुलिस ने समाज को भयमुक्त बनाने के लिए आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि आपके आस-पास कोई भी व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करता है या डराने-धमकाने का प्रयास करता है, तो उसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने को दें।सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। यदि आप सीधे थाने नहीं जाना चाहते, तो वाराणसी जोन के आधिकारिक व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर घर बैठे अपनी गुप्त शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

अपराध और अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए चंदौली पुलिस जिले में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story