Chandauli News: पुलिस ने बरामद की 33 लाख की खोई मोबाइल, उपभोक्ताओं के खिले चेहरे

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 33 लाख रुपये मूल्य के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल मिलने से उपभोक्ताओं के चेहरे खिल उठे।

Ashvini Mishra
Published on: 3 Jun 2026 3:15 PM IST (Updated on: 3 Jun 2026 3:34 PM IST)
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश की चन्दौली पुलिस ने गुमशुदा और खोए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में CEIR पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की मदद से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए।

बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। बुधवार को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वाट और सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के बल पर विभिन्न स्थानों से मोबाइलों को सफलतापूर्वक ट्रेस किया। सबसे अधिक 25 मोबाइल चन्दौली कोतवाली क्षेत्र से बरामद हुए, जबकि मुगलसराय से 12 और धीना थाना क्षेत्र से 11 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा सैयदराजा, अलीनगर, बबुरी, चकिया, चकरघट्टा, कंदवा, धानापुर और शहाबगंज समेत अन्य क्षेत्रों से भी मोबाइल बरामद हुए।

इस सफलता में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए इसे तकनीकी पुलिसिंग और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। खोए मोबाइलों की बरामदगी से जहां लोगों को आर्थिक राहत मिली, वहीं पुलिस के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है। चन्दौली पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story