Chandauli News: चंदौली पुलिस ने पकड़ी 61 लाख की अवैध बीयर, पंजाब से बिहार जा रही खेप बरामद

Chandauli News: चंदौली पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने हाईवे पर ट्रक से 14,520 लीटर अवैध बीयर पकड़ी। पंजाब से बिहार जा रही खेप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।

Ashvini Mishra
Published on: 4 Jun 2026 3:29 PM IST
Chandauli Police recover illegal beer worth Rs 6.1 lakh from Punjab
X

चंदौली पुलिस ने पकड़ी 61 लाख की अवैध बीयर, पंजाब से बिहार जा रही खेप बरामद (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ट्रक से करीब 61 लाख रुपये मूल्य की 14,520 लीटर अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक चंदौलीआकाश पटेल के निर्देशन में 4 जून 2026 को थाना चंदौली क्षेत्र के नवीन मंडी चौकी के सामने वाराणसी-बिहार हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई 1210 पेटी HOWARD 500 ब्रांड की बीयर बरामद हुई। कुल 29,040 कैन में रखी गई इस बीयर की मात्रा 14,520 लीटर बताई गई है।

पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में भूसी लादकर ले जा रहे थे

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर जनपद निवासी मूला राम (28 वर्ष) और हितेन्द्र कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बीयर की यह खेप पंजाब से बिहार के औरंगाबाद जनपद भेजी जा रही थी। माल की सुरक्षित डिलीवरी के एवज में उन्हें 50 हजार रुपये मिलने थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने ट्रक में भूसी लदी होने की बात बताई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम ने किया सराहनीय कार्य

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना चंदौली पुलिस टीम के साथ स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story