Chandauli News: काली मंदिर हादसे में मृत संविदाकर्मी के परिजनों से मिलेंगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

Chandauli News: काली मंदिर हादसे में जान गंवाने वाले संविदाकर्मी के परिजनों से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुलाकात करेंगे। घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं तेज हैं।

Ashvini Mishra
Published on: 12 July 2026 10:05 PM IST (Updated on: 12 July 2026 10:38 PM IST)
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मां काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के समय हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले संविदाकर्मी बलदेव यादव के परिजनों से मिलने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय सोमवार, 13 जुलाई को चंदौली पहुंचेंगे। वह सुबह 7:30 बजे पड़ाव स्थित डांडी गांव में मृतक के आवास पर जाकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।

गौरतलब है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान मां काली मंदिर को हटाने की कार्रवाई के समय मंदिर का गुंबद अचानक भरभराकर गिर गया था। इस हादसे में संविदाकर्मी बलदेव यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। स्थानीय लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना देंगे तथा हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से इस घटना को लेकर पहले भी जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई जा चुकी है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वाराणसी प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का यह दौरा पूरी तरह संवेदना प्रकट करने के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा कि अजय राय सुबह निर्धारित समय पर डांडी पहुंचेंगे, जहां वह मृतक बलदेव यादव के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा करेंगे। धर्मेंद्र तिवारी के अनुसार, परिजनों से मुलाकात और शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सीधे पार्टी कार्यालय, लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story