Chandauli News: रेलवे ने पाटा नाला, 12 गांवों में जलभराव का खतरा; विधायक रमेश जायसवाल ने किया निरीक्षण

Chandauli News : रेलवे द्वारा नाला व कुलावा पाटे जाने से 10 से 12 गांवों में जलभराव का खतरा, विधायक रमेश जायसवाल ने किया निरीक्षण।

Ashvini Mishra
Published on: 18 Jun 2026 7:48 PM IST (Updated on: 18 Jun 2026 7:48 PM IST)
Chandauli News:  रेलवे ने पाटा नाला, 12 गांवों में जलभराव का खतरा; विधायक रमेश जायसवाल ने किया निरीक्षण
X

Chandauli News 

Chandaulli News: चंदौली जनपद के दीनदयालनगर (मुगलसराय) क्षेत्र के ग्राम सभा पुरैनी सहित आसपास के लगभग 10 से 12 गांवों में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर गुरुवार को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायत थी कि रेलवे द्वारा कुलावा और नाला पूरी तरह पाट दिए जाने के कारण बरसात के दिनों में पानी की निकासी बाधित हो जाती है, जिससे गांवों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक रमेश जायसवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी, रेलवे विभाग के अधिकारी, चकबंदी अधिकारी, लेखपाल तथा कानूनगो भी मौजूद रहे। विधायक ने प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से इन गांवों का बरसाती पानी इसी नाले और कुलावे के माध्यम से निकलता था, लेकिन रेलवे द्वारा इसे पाट दिए जाने से जल निकासी का रास्ता बंद हो गया है। यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश में कई गांव जलभराव की चपेट में आ सकते हैं, जिससे खेती-किसानी के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित होगा।

मौके पर विधायक रमेश जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का त्वरित निस्तारण होना चाहिए और किसी भी विभागीय लापरवाही से लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। विधायक ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित रेलवे एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों और विधायक को आश्वस्त किया कि मंगलवार से आवश्यक कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा तथा जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन से ग्रामीणों में राहत की भावना देखी गई।

इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के हस्तक्षेप पर संतोष व्यक्त करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story