TRENDING TAGS :
Chandauli News: चंदौली में सड़क हादसा, बाइक सवार महिला की मौत, पति और सास घायल
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में ईंट लदे ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में महिला की मौत हो गई, जबकि पति और सास गंभीर रूप से घायल हो गए।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्हीपुर चौकी इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और सास गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ईंट लदे ट्रैक्टर से हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, दुल्हीपुर चौकी क्षेत्र के सतपोखरी स्थित सरकार लॉन के पास बाइक सवार परिवार किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार प्रीति यादव (25), पत्नी सुरेंद्र यादव, निवासी कुंडा खुर्द, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पति और सास गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में बाइक चला रहे सुरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी मां उषा देवी (55) भी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही दुल्हीपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शिवाला चौकी प्रभारी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ट्रैक्टर कब्जे में, जांच जारी
मुगलसराय थाना अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


