Chandauli News: रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, मांग पूरा नहीं होने पर दी चेतावनी

Chandauli News: ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा, मांगें पूरी न होने पर 1 जुलाई से बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

Ashvini Mishra
Published on: 15 Jun 2026 3:36 PM IST
Employment Sevak Welfare Association demonstrated
X

 रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, मांग पूरा नहीं होने पर दी चेतावनी (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश की चंदौली जनपद में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले जिले के ग्राम रोजगार सेवकों ने बिछिया स्थित धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल यादव के नेतृत्व में रोजगार सेवकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इसके बाद सभी रोजगार सेवक कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन एडीएम को सौंपा।

रोजगार सेवकों ने सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने बताया कि वे वर्ष 2006 से मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायतों में संविदा पर कार्यरत हैं। लेकिन आज तक उन्हें नियमित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 58 हजार ग्राम पंचायतों के सापेक्ष केवल 15 हजार ग्राम पंचायत अधिकारी कार्यरत हैं।


जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। ऐसे में ग्राम रोजगार सेवकों को सहायक सचिव अथवा ग्राम विकास सहायक के पद पर समायोजित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। रोजगार सेवकों ने न्यूनतम 24 हजार रुपये मासिक मानदेय, बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान, मानव संसाधन नीति लागू करने, ईपीएफ, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक एवं चिकित्सा अवकाश की सुविधा देने सहित अन्य मांगें उठाईं हैं।

रोजगार सेवकों ने दी चेतावनी

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को लखनऊ में की गई घोषणा के बावजूद पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं करती है तो 1 जुलाई 2026 से प्रस्तावित वीवीजी राम जी योजना लागू होने के दिन ही रोजगार सेवक लखनऊ में विधानसभा सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का घेराव करेंगे।

उन्होंने कहा कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान महासचिव रवि प्रकाश पांडेय, संतोष, पवन, भोलानाथ, मनोज गुप्ता, दिनेश बृजेश, रामौतार, धर्मवीर, सुभाष, इम्तियाज, आदि मौजूद रहे।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story