Chandauli News: एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर कल से होगा धरना-प्रदर्शन,ग्रामीणों आक्रोश

Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर बंद किए गए एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को दोबारा बहाल करने की मांग तेज हो गई है। ग्रामीण 26 नवंबर 2026 से रेलवे स्टेशन के समीप शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Ashvini Mishra
Published on: 25 Nov 2026 10:40 AM IST
Chandauli News: एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर कल से होगा धरना-प्रदर्शन,ग्रामीणों आक्रोश
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। वर्षों से लंबित इस मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने 26 नवंबर 2026 से रेलवे स्टेशन के समीप शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शन के माध्यम से रेलवे प्रशासन का ध्यान यात्रियों की समस्याओं की ओर आकृष्ट कराते हुए बंद किए गए एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल करने की मांग उठाई जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कोरोना महामारी से पहले सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता था। इससे सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र, तहसील क्षेत्र और आसपास के दर्जनों गांवों के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलती थी। लेकिन कोरोना काल के दौरान ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने के बाद यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया। कोरोना महामारी समाप्त होने और रेल सेवाएं सामान्य होने के बावजूद अब तक इन ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया गया है।एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से क्षेत्रीय यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, पंजाब, बंगाल सहित देश के विभिन्न महानगरों की यात्रा करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सकलडीहा एक महत्वपूर्ण तहसील क्षेत्र है, जहां बड़ी आबादी रेल यात्रा पर निर्भर है। ऐसे में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल करना क्षेत्र की जनभावनाओं और यात्रियों की आवश्यकता से जुड़ा विषय है।इसी मांग को लेकर 26 नवंबर से रेलवे स्टेशन के समीप शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि आम नागरिक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रख सकें।अब देखना यह होगा कि रेलवे प्रशासन क्षेत्रीय जनता की इस मांग पर क्या कदम उठाता है और सकलडीहा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दोबारा कब तक बहाल हो पाता है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story