Chandauli News: जनसमस्याओं को लेकर सपा का धरना, मांगें पूरी न होने पर हल्लाबोल की चेतावनी

Chandauli News: मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में सपा ने नहरों में पानी, रोजगार, पेयजल, गंगा कटान और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर धरना देकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Ashvini Mishra
Published on: 19 Jun 2026 5:21 PM IST
Samajwadi Partys sit-in on peoples problems
X

जनसमस्याओं को लेकर सपा का धरना, मांगें पूरी न होने पर हल्लाबोल की चेतावनी (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के धरना स्थल पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराज के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर शुक्रवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।

जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने किया धरना प्रदर्शन

धरने में सपा नेताओं ने नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, युवाओं को रोजगार देने,स्वच्छ पेयजल व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने तथा गांव में मार्गो को पाइप बिछाने के नाम पर खराब करने, गंगा कटान की समस्या के स्थायी समाधान जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि इन समस्याओं से जिले की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल साबित हो रही है।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए अभी यह नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया जिससे किसानों की धान की नर्सरी नहीं पड़ी, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के अवसर सीमित होने से युवा परेशान हैं,जिले के युवकों के लिए सेना भर्ती नहीं हो पाई और पेयजल योजनाओं में भ्रष्टाचार के कारण लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने गंगा कटान के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।

मनोज सिंह डब्लू ने भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यदि गंगा कटान रोकने वाले ठेकेदारों से कमीशन लिया जाएगा तो कार्यों की गुणवत्ता पर प्रश्न उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों और समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

जनआंदोलन की चेतावनी

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन और "हल्ला बोल" कार्यक्रम शुरू करेगी। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रामकिसुन यादव ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मिट्टी बेचकर खुदाई करने की बात कही। धरने में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

धरना-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर तथा कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व सांसद रामकिशन यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, पूर्व जिलाध्यक्ष बलराम सिंह यादव, अंजनी सिंह, मुसाफिर चौहान, नफीस अहमद गुड्डू, रमेश यादव समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story