TRENDING TAGS :
Chandauli: पुलिस कार्रवाई पर सपा आक्रामक, पूर्व विधायक बोले- जनहित के मुद्दों से पीछे नहीं हटेंगे
Chandauli News: चंदौली में सपा के धरना-प्रदर्शन के बाद दर्ज एफआईआर को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्व विधायक और पार्टी नेताओं ने प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाते हुए मुकदमे वापस लेने की मांग की है।
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में समाजवादी पार्टी द्वारा जनहित के मुद्दों को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद दर्ज की गई एफआईआर को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टी ने प्रशासन की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने वाले कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज करना पूरी तरह से दमनकारी कदम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं को उठाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रशासन जानबूझकर निशाना बना रहा है। समाजवादी कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करते रहेंगे और किसी भी दबाव या मुकदमे से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन इसी तरह की कार्रवाई करता रहा तो आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है।पार्टी ने धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्ज किए गए सभी मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की है। इसके लिए समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता जल्द ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के अनुसार, इस संबंध में चंदौली के सांसद, सकलडीहा विधायक सहित अन्य जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को भी इस मामले से अवगत कराया गया है और उनसे हस्तक्षेप की अपेक्षा की गई है।
समाजवादी पार्टी ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचा दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी घटनाक्रम से अवगत कराया गया है। प्रदेश कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला इकाई को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही जिन कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उनकी जमानत और कानूनी प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और संगठन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता जिला कार्यालय से लगातार संपर्क में रहें तथा पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इस लड़ाई को आगे बढ़ाएगी। इस मामले को लेकर जिले की राजनीति में हलचल बढ़ गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्मा सकता है।


