Chandauli :किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील पहुंचे सपा विधायक, एक सप्ताह में निस्तारण का अल्टीमेटम

Chandauli News: सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव ने जलभराव व किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील में ज्ञापन सौंपा, एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी।

Ashvini Mishra
Published on: 5 Sept 2026 2:10 PM IST
Chandauli :किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील पहुंचे सपा विधायक, एक सप्ताह में निस्तारण का अल्टीमेटम
X

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं और जलभराव की स्थिति को लेकर शनिवार को सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ सकलडीहा तहसील पहुंचे। विधायक ने किसानों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह को सौंपा और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। उन्होंने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी।

विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग और संबंधित डिवीजन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की लापरवाही के कारण क्षेत्र के कई गांव जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। नालों और जलनिकासी के रास्तों की समय से सफाई नहीं होने के कारण किसानों के खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

सपा विधायक ने सत्ता पक्ष के नेताओं और विभागीय अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के इशारे पर किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है। आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा नालों पर अतिक्रमण किया गया है और नालों की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया, जिसका खामियाजा क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

विधायक ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर ज्ञापन में दिए गए बिंदुओं पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई और दोषी विभागीय लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। उन्होंने प्रशासन से किसानों की फसल क्षति का आकलन कराकर उचित कार्रवाई और जलनिकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।

उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने विधायक और किसानों को आश्वासन दिया कि सभी मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और किसान तहसील परिसर में मौजूद रहे

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story