Chandauli News: पूर्व ब्लॉक प्रमुख के सामने सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की पिटाई, अस्पताल में भर्ती

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है।

Ashvini Mishra
Published on: 28 May 2026 3:51 PM IST
Chandauli News: पूर्व ब्लॉक प्रमुख के सामने सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की पिटाई, अस्पताल में भर्ती
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढिया गांव में उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के घर में घुसकर उनके धंधे के पार्टनर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल के सामने ही उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्री सहित अन्य लोगों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर चौकी अंतर्गत मढिया गांव निवासी सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर गुरुवार को अचानक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व नेता प्यारेलाल के परिवार के लोग सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के घर पहुंचे और सपा नेता के सामने ही कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान जमकर हंगामा हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सपा नेता की पुत्री, पुत्र एवं पत्नी ने गार्गी पटेल पर अनैतिक संबंधों के आरोप लगाते हुए उनकी जमकर लाठी-डंडों आदि से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गईं। जबकि पूर्व ब्लॉक प्रमुख बीच-बचाव करते रहे, लेकिन परिजनों ने उनकी एक नहीं सुनी।

आरोप यह भी है कि विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल गार्गी पटेल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।इस संबंध में सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल ने बताया कि सपा नेता प्यारेलाल किसी कार्य से उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए उनके घर आए थे।

इसी दौरान उनके परिजन वहां पहुंच गए और अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वह और प्यारेलाल प्रॉपर्टी के कार्य में पार्टनर थे तथा पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की गई।गार्गी पटेल का आरोप है कि अमित यादव, मनोज यादव, उनकी पुत्री एवं पत्नी ने मिलकर उन्हें तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गईं। इसके बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की ओर से कोई औपचारिक तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story