Chandauli News: आंधी-तूफान पीड़ितों से मिले प्रभारी मंत्री, परिजनों को दिये चार-चार लाख

Chandauli News: प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने और राहत पहुंचाने के लिए समाज कल्याण राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड शनिवार को नौगढ़ और चकिया तहसील के प्रभावित गांवों में पहुंचे।

Sunil Kumar
Published on: 16 May 2026 6:22 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News (Social Media) (3).jpg

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में बीते दिनों आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने और राहत पहुंचाने के लिए सूबे के समाज कल्याण राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड शनिवार को नौगढ़ और चकिया तहसील के प्रभावित गांवों में पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राज्य आपदा मोचक निधि से चार-चार लाख रुपए के सहायता चेक वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें सभी जरूरी सरकारी योजनाओं का लाभ तुरंत दिया जाए।



आंधी-तूफान के हादसों में तीन लोगों ने गंवाई थी जान

बीते 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान के कारण जिले में अलग-अलग जगहों पर तीन दर्दनाक हादसे हुए थे। शिकारगंज गांव के निवासी गुलाब की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई थी। वहीं, करवदिया गांव की प्रभावती देवी पर पेड़ गिरने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इसके अलावा बोदलपुर गांव के रामकेश यादव कच्ची दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी जिला संयुक्त चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई।



पीड़ितों को मिला गृह अनुदान और सरकारी योजनाओं का लाभ

प्रभारी मंत्री संजीव गोंड, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। करवदिया की मृतक प्रभावती देवी और शिकारगंज के मृतक गुलाब का मकान तूफान में पूरी तरह जमींदोज हो गया था, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें ₹4 लाख के अलावा ₹1 लाख 20 हजार का अतिरिक्त गृह अनुदान भी दिया। इससे पहले मंत्रियों और अधिकारियों ने ग्राम मझगावां का भी दौरा किया, जहाँ आंधी से प्रभावित हुए अजय कुमार, शांति देवी, रामपूजन, गुंजा समेत कई ग्रामीणों से मिलकर उन्हें हर संभव सरकारी मदद का भरोसा दिया गया।



मौके पर मौजूद रहा प्रशासनिक अमला

राहत सामग्री और चेक वितरण के इस दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन मुस्तैद रहा। मौके पर उप जिलाधिकारी पवन कुमार यादव, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार आशुतोष राय व मोहम्मद आरिफ, बीडीओ विकास सिंह और राजस्व विभाग के कई कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने राहत कार्य को तेजी से पूरा करवाया।



Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

Next Story