Chandauli News: ट्रक की भिड़ंत में चालक की मौत, खलासी गंभीर रूप से घायल

Chandauli News: चंदौली में ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Ashvini Mishra
Published on: 15 May 2026 1:50 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र में एनएच 19 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मिर्जापुर से जमानिया जा रहा था ट्रक

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक चालक की पहचान दिनेश यादव उम्र 34 वर्ष, पुत्र बालचरन यादव निवासी दिरेहू, चकिया, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। दिनेश यादव मिर्जापुर से गिट्टी लादकर ट्रक के माध्यम से जमानिया की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब 2 बजे जब ट्रक सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित एनएच 19 पर पहुंचा, तभी सामने चल रहे एक दूध लदे वाहन ने अचानक गति धीमी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर सामने चल रहे वाहन से हो गई।

केबिन में फंसकर चालक की मौके पर मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दिनेश यादव केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घायल खलासी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद दूध लदे वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक दिनेश यादव अपने पीछे पत्नी उर्मिला देवी, पांच वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story