कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों को पंजीकरण में गलती सुधारने का अंतिम मौका, 30 तक खुली रहेगी वेबसाइट

Chandauli News: यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों को पंजीकरण की गलतियां सुधारने का अवसर दिया है। 20 से 30 नवंबर की रात 12 बजे तक वेबसाइट खुली रहेगी।

Ashvini Mishra
Published on: 20 Nov 2026 10:03 PM IST
Last chance for class 9 and 11 students to correct mistakes in registration, website to remain open till 30
X

कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों को पंजीकरण में गलती सुधारने का अंतिम मौका, 30 तक खुली रहेगी वेबसाइट (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज ने शैक्षिक सत्र 2026-27 (परीक्षा वर्ष 2028) के लिए कक्षा 9 और 11 में अग्रिम पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। परिषद ने पंजीकरण के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं व्यक्तिगत विवरणों में हुई गलतियों को सुधारने के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया है। इसके लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट 20 नवंबर से 30 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक खुली रहेगी।

परिषद के सचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति में सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, अग्रिम पंजीकरण के दौरान विद्यालय स्तर से विद्यार्थियों का विवरण अपलोड करते समय कई प्रकार की त्रुटियां सामने आई हैं। इन्हें देखते हुए परिषद ने संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

इस अवधि में कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के विषय, वर्ग, छात्र-छात्रा का नाम, माता-पिता का नाम, जेंडर, हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम, जाति, जन्मतिथि और फोटो सहित अन्य शैक्षिक विवरणों में सुधार किया जा सकेगा। इसके अलावा कक्षा 11 के विद्यार्थियों के पंजीकरण में हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक को भी संशोधित करने की सुविधा दी गई है।

प्रधानाचार्यों को दिए गए विशेष निर्देश

परिषद ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने विद्यालय में पंजीकृत कक्षा 9 एवं 11 के छात्र-छात्राओं के विवरणों की गंभीरता से जांच कराएं। शैक्षिक अभिलेखों का मिलान करने के बाद जहां भी कोई गलती मिले, उसे निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन माध्यम से ठीक कराना सुनिश्चित करें।

विद्यार्थी भी अपने विवरणों की करें जांच

कक्षा 9 और 11 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय में संपर्क कर पंजीकरण में दर्ज नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, जाति, माध्यम और अन्य जानकारियों का सत्यापन कर लें। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल प्रधानाचार्य या संबंधित शिक्षक को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते सुधार कराया जा सके।

30 नवंबर के बाद नहीं मिलेगा मौका

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद संशोधन का कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा। ऐसे में विद्यालयों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के पास पंजीकरण संबंधी गलतियों को सुधारने के लिए सीमित समय है।

परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 30 नवंबर 2026 की रात 12 बजे तक संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद यह अवसर समाप्त हो जाएगा। इसलिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण विवरणों की जांच कर आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में बोर्ड परीक्षा एवं शैक्षिक अभिलेखों से जुड़ी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story