योगी आदित्यनाथ की माताजी को दर्शना सिंह ने अर्पित की श्रद्धांजलि, परिवार के प्रति जताई संवेदना

Chandauli News: राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह चंदौली के बनौली कला पहुंचीं और सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Ashvini Mishra
Published on: 22 Nov 2026 9:36 PM IST
योगी आदित्यनाथ की माताजी को दर्शना सिंह ने अर्पित की श्रद्धांजलि, परिवार के प्रति जताई संवेदना
X

सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करतीं राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह

Chandauli News: चंदौली की निवासिनी राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया।

राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री दर्शना सिंह रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र चंदौली के मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनौली कला पहुंचीं। यहां उन्होंने स्वर्गीय सावित्री देवी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान दर्शना सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि मां का स्थान हर व्यक्ति के जीवन में सर्वोच्च होता है। मां का स्नेह, त्याग, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। मां का निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस कठिन समय में ईश्वर से उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

दर्शना सिंह ने कहा कि दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा होना सामाजिक और मानवीय दायित्व है। भारतीय संस्कृति में माता-पिता के प्रति सम्मान तथा विपरीत परिस्थितियों में परिवार का साथ देने की परंपरा हमारी सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

राज्यसभा सांसद का ग्राम बनौली कला पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करना क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी सक्रियता और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। जनप्रतिनिधि के रूप में उनका मानना है कि जनसेवा केवल विकास कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा स्वर्गीय सावित्री देवी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story