सीसी रोड बनी, लेकिन नाली बनाना भूले जिम्मेदार! जलभराव से परेशान ग्रामीण पहुंचे डीएम के पास

Chandauli News: चंदौली के हुडहरा गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। वर्षों से नाली निर्माण की मांग अधूरी है। अब ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर समाधान की गुहार लगाई।

Ashvini Mishra
Published on: 25 Nov 2026 5:21 PM IST
सीसी रोड बनी, लेकिन नाली बनाना भूले जिम्मेदार! जलभराव से परेशान ग्रामीण पहुंचे डीएम के पास
X

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा विकासखंड अंतर्गत जलालपुर ग्रामसभा के हुडहरा गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।आए दिन संक्रामक रोगो से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी शैलेश कुमार से मुलाकात की और गांव में पक्की नाली का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने डीएम को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए जल्द समाधान कराने की अपील की।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सीसी रोड का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन सड़क के किनारे जल निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया गया। इसके चलते घरों से निकलने वाला गंदा पानी और बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। लंबे समय से जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव के मुख्य मार्ग और गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क और गलियों में पानी जमा रहने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं, ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बीमारियों के फैलने का बना खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से जमा गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। जलभराव के कारण गांव में स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

नई सीसी रोड खराब होने की आशंका

ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि लगातार सड़क पर पानी जमा रहने से नवनिर्मित सीसी रोड की नींव कमजोर हो सकती है। इससे सड़क समय से पहले क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के साथ ही नाली का निर्माण कराया जाना चाहिए था, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो सके और ग्रामीणों को जलभराव से राहत मिल सके।

कई अधिकारियों से लगा चुके हैं गुहार

ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को डीएम से मुलाकात कर उन्होंने गांव का स्थलीय निरीक्षण कराने और संबंधित अधिकारियों को पक्की नाली का निर्माण कराने के लिए निर्देशित करने की मांग की।

इस दौरान संजय यादव, अशोक यादव, संतोष यादव, भरत यादव, राजेश गुप्ता, राजकुमार, सरोज और मटरू यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story