मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा का आयोजन, भाजपा विधायक पर शक्ति प्रदर्शन का आरोप

Chandauli News: चंदौली में मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भाजपा विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने रामकथा के आयोजन को शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनाने का आरोप लगाया।

Ashvini Mishra
Published on: 22 Nov 2026 8:11 PM IST
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा का आयोजन, भाजपा विधायक पर शक्ति प्रदर्शन का आरोप
X

Chandauli News: चंदौली में समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रणेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर रविवार को सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ नेताजी की जयंती मनाई। कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया।

इस अवसर पर मनोज सिंह डब्लू ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और प्रदेश की राजनीति में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की। उनके विचार और संघर्ष समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।


कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने आगामी 26 नवंबर से माधोपुर में आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि अपने पिता की पुण्यतिथि के अवसर पर पहले से ही इस कथा का आयोजन निर्धारित किया गया था। 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलने वाली इस कथा में कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगी।

इसी क्रम में उन्होंने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि कथा धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन है, इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक ने धार्मिक आयोजनों को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करते हैं। मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि उनके पिता की पुण्यतिथि पर भागवत कथा का आयोजन पहले से तय था, लेकिन उनके कार्यक्रम की जानकारी होने के बाद भाजपा विधायक ने आनन-फानन में राजन जी की रामकथा का आयोजन करवा दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक द्वारा रामकथा के आयोजन को शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनाया जा रहा है, जबकि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक संदेश देना और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके परिवार की ओर से आयोजित भागवत कथा पूरी तरह धार्मिक श्रद्धा से जुड़ा कार्यक्रम है, इसका किसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से कोई संबंध नहीं है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story