TRENDING TAGS :
चंदौली में सपा के कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने लिए गिफ्ट पैकेट, वायरल वीडियो से उठे सवाल
Chandauli News: चंदौली में सपा के कार्यक्रम का वीडियो वायरल, जिसमें पुलिसकर्मी पीडीए गमछा और गिफ्ट पैकेट लेते दिखे। चुनावी माहौल में पुलिसकर्मियों का यह व्यवहार चर्चा में है।
Chandauli News: चंदौली जनपद में समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कुछ पुलिसकर्मी समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा दिए जा रहे गिफ्ट पैकेट और पार्टी के पीडीए गमछे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिसकर्मियों के इस तरह पार्टी के कार्यक्रम में उपहार लेते नजर आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, धीना थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। इस दौरान पूर्व विधायक द्वारा कार्यकर्ताओं को पार्टी का गमछा और कपड़े का गिफ्ट पैकेट वितरित किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी गिफ्ट पैकेट और पीडीए का गमछा लेते हुए कैमरे में कैद हो गए। वीडियो में पुलिसकर्मियों को उपहार लेते देखे जाने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि राजनीतिक दल के कार्यक्रम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा पार्टी से जुड़े प्रतीक चिह्न और उपहार स्वीकार करना कितना उचित है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर पुलिस विभाग की ओर से अभी तक किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। इस संबंध एसपी चंदौली तथा ऐप पुलिस अधीक्षक से बात करने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं हो पाईं।
फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
चुनावी समय होने से पुलिस कर्मियों का यह गिफ्ट पैकेट लेना और चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस के उच्चाधिकारी मामले में कोई जांच या आवश्यक कार्रवाई करते हैं अथवा नहीं।


