TRENDING TAGS :
'कुरुक्षेत्र ' खेलकूद प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
Kurukshetra 2026: चंदौली के सेंट जोसेफ स्कूल में आयोजित 'कुरुक्षेत्र-2026' में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा दिखाई। 100 मीटर दौड़ में सात्विक यादव ने पहला स्थान हासिल किया।
Kurukshetra 2026: चंदौली के कमालपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘कुरुक्षेत्र-2026’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, अनुशासन तथा खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे खेल मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट जोसेफ स्कूल, चंदौली एवं वाराणसी के निदेशक अनिल जोसेफ ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कमालपुर के चौकी इंचार्ज जयकरन सरोज उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य नेल्सन चेरियन, जनसंपर्क अधिकारी (PRO) दिलीप चंद्रन, शशिकांत मिश्रा, के.के. यादव, तेजा, चंदन, सुनील एवं चंद्रा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और अभिभावक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। खासतौर पर 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में कक्षा 5-A के सात्विक यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आदित्य यादव द्वितीय और अर्जुन यादव तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों की उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न हिस्सा है। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इसके साथ ही उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नेल्सन चेरियन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।
अंत में उत्साह और उल्लास के माहौल में कार्यक्रम का समापन हुआ। ‘कुरुक्षेत्र-2026’ विद्यार्थियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का यादगार मंच साबित हुआ।


