स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज का चंदौली में उतरेगा हेलीकॉप्टर,हरि ओम हॉस्पिटल का करेंगे उद्घाटन

Chandauli News: चंदौली में स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, हेलीकॉप्टर से पहुंचकर करेंगे हरि ओम हॉस्पिटल का उद्घाटन, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 300 पुलिसकर्मी।

Ashvini Mishra
Published on: 22 Nov 2026 10:07 PM IST
स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज का चंदौली में उतरेगा हेलीकॉप्टर,हरि ओम हॉस्पिटल का करेंगे उद्घाटन
X

फोटो-सोशल मीडिया

Chandauli News: चंदौली के जिला मुख्यालय पर सोमवार को धार्मिक आस्था और उत्साह का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। प्रसिद्ध संत स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज सोमवार दोपहर को चंदौली पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। महाराज जी हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचेंगे। उनके आगमन और दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए आयोजकों के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह सतर्क हो गया है।

जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के समीप हरि ओम हॉस्पिटल के नए प्रतिष्ठान का उद्घाटन स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए आयोजक डॉ विवेक सिंह द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। महाराज जी के स्वागत से लेकर उनके हेलीकॉप्टर से आगमन और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों के मुताबिक, 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार कराया जा रहा है, ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो। वहीं, उद्घाटन कार्यक्रम के बाद महाराज जी भक्तों के बीच बैठकर सत्संग करेंगे। सत्संग के लिए विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की तैयारी है। पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कुल मिलाकर सोमवार को चंदौली जिला मुख्यालय पर धार्मिक आस्था का बड़ा संगम देखने को मिल सकता है। अब श्रद्धालुओं को स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के आगमन और उनके मुखारविंद से सत्संग सुनने का बेसब्री से इंतजार है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story