Chandauli News: चंदौली के कारीगर 31 अगस्त तक करें आवेदन, मुफ्त मिलेगी टूलकिट

Chandauli News: विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत चंदौली के पात्र कारीगरों को 10 दिन का मुफ्त प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट मिलेगी, 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करें।

Sunil Kumar
Published on: 21 Aug 2026 4:56 PM IST
Chandauli artisans apply by August 31, free collaboration toolkit
X

चंदौली के कारीगर 31 अगस्त तक करें आवेदन, मुफ्त मिलेगी टूलकिट (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जिले के पारंपरिक कारीगरों के हुनर को निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है। 'विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना' के तहत पात्र कारीगरों को 10 दिनों का मुफ्त कौशल प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट दी जाएगी। उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए इच्छुक उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विभिन्न ट्रेडों के लिए तय किया गया लक्ष्य

चंदौली जिले में अलग-अलग पारंपरिक कार्यों से जुड़े कारीगरों के लिए सीटें तय की गई हैं। इस चरण में राजमिस्त्री, बढ़ई, नाई और लोहार के लिए 50-50 सीटें रखी गई हैं, जबकि मोची ट्रेड के लिए 25 कारीगरों का चयन किया जाएगा।

आवेदन के लिए ज़रूरी योग्यता

योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को चंदौली का मूल निवासी होना चाहिए और उसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।

पारंपरिक व्यवसाय: आवेदक का दर्जी, बढ़ई, लोहार, कुम्हार, नाई, मोची या धोबी जैसे काम से जुड़ा होना जरूरी है।

एक परिवार-एक लाभ: एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति आवेदन कर सकता है।

जाति की बाध्यता नहीं: योजना के लिए जाति एकमात्र आधार नहीं है। अगर कोई व्यक्ति गैर-पारंपरिक जाति का है, लेकिन यह काम करता है, तो वह ग्राम प्रधान या वार्ड सभासद से प्रमाण-पत्र बनवाकर आवेदन कर सकता है। शर्त: आवेदक ने पहले किसी सरकारी योजना से टूलकिट या प्रशिक्षण का लाभ न लिया हो।

आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया

इच्छुक कारीगर विभागीय वेबसाइट msme.up.gov.in या diupmsme.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए पहचान पत्र, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और पारंपरिक कारीगर प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होगी।

जानकारी के लिए यहां संपर्क करें

आवेदन से जुड़ी किसी भी समस्या या अधिक जानकारी के लिए कारीगर किसी भी कार्य दिवस में 'जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली' (निकट टाटा मोटर्स एजेंसी, धूरीकोट) के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story