Chandauli News: पति की मौत के बाद विधवा की जमीन पर कब्जा, नाबालिग बच्चों पर टूटा दबंगों का कहर

Chandauli News: चंदौली के करी गांव में विधवा ने दबंगों पर सीमांकन पिलर तोड़ने, मारपीट करने और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण का आरोप लगाया, न्याय की मांग की।

Ashvini Mishra
Published on: 19 Jun 2026 9:30 PM IST
Possession of widows land after husbands death
X

पति की मौत के बाद विधवा की जमीन पर कब्जा, नाबालिग बच्चों पर टूटा दबंगों का कहर (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के करी गांव के विधवा सुशीला देवी और उसके नाबालिग बच्चों के साथ कथित रूप से हुई दबंगई का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति की मृत्यु के महज दो दिन बाद ही पड़ोसी दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जे की नीयत से पक्की पैमाइश के बाद लगाए गए पिलरों को दिनदहाड़े तोड़ दिया।विरोध करने पर मार पीट भी किया। घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

पीड़िता के अनुसार उसके पति स्वर्गीय रामदुलार यादव का 14 जून को निधन हुआ था। परिवार अभी शोक में डूबा हुआ था और पति की चिता की आग भी ठंडी नहीं हुई थी कि दबंग दूसरे दिन ही आपदा को अवसर बनाते हुए उसकी भूमि पर अतिक्रमण शुरू कर दी। आरोप है कि राजस्व विभाग द्वारा धानापुर थाना के पुलिस की मौजूदगी में विधिवत पैमाइश कराकर लगाए गए सीमांकन के पिलरों को दबंगों ने तोड़ दिया।

पीड़िता का कहना है कि घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोग पिलरों को तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। सबसे गंभीर आरोप यह है कि घटना की सूचना मिलने पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन उसकी मौजूदगी में भी पिलर तोड़े जाते रहे और किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। महिला ने धानापुर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पर्याप्त साक्ष्य और वीडियो उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे दबंगों के हौसले और बुलंद हो गए हैं तथा पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को विवश है।

न्याय न मिलने से निराश पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक चंदौली से गुहार लगाई है। उसने आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, अपनी भूमि की सुरक्षा तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। इसमें सबसे बड़ी बात है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भू माफियाओं पर कार्यवाही करने के लिए जहां पुलिस को खुली छूट दिया है, वहीं पुलिस भू माफियाओं के आगे नतमस्तक दिख रही है, पति के मौत के बाद दबंगों द्वारा इस तरह की कार्यवाही करना और पीड़िता को न्याय नहीं दिलाना पुलिस पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहा है।

पुलिस कब करेगी कार्रवाई

यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि एक असहाय विधवा और उसके बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story