Chandauli News: राजवाहा के पानी में बहकर छलका तक पहुंचा महिला का शव,हुई पहचान

Chandauli News: चंदौली में राजवाहा के पानी में बहकर छलका तक पहुंचा महिला का शव, पहचान होने के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस।

Ashvini Mishra
Published on: 11 Oct 2026 10:19 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के गोविन्दीपुर राजवाहा में पड़रिया गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित छलका के पास रविवार को सायंकाल एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राजवाहा के पानी में शव दिखाई देने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना शहाबगंज पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को राजवाहा से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। शुरुआती दौर में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से महिला के संबंध में जानकारी जुटाई। बाद में शव की पहचान पालपुर गांव निवासी एक बुजुर्ग महिला के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर इधर-उधर घूमती रहती थी।


ग्रामीणों के अनुसार गोविन्दीपुर राजवाहा में पानी का बहाव होने के कारण आशंका है कि महिला किसी तरह राजवाहा में गिर गई होगी और पानी के तेज बहाव के साथ बहकर पड़रिया गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित छलका के पास पहुंच गई। हालांकि महिला राजवाहा में किस परिस्थिति में गिरी और उसकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

शव मिलने की खबर के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि गोविन्दीपुर राजवाहा के छलका के पास एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान पालपुर गांव निवासी महिला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story