TRENDING TAGS :
Chandauli News: अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, चालक की तलाश जारी
Chandauli News: बलुआ थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ के पास सड़क हादसे में महिला की जान गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू की।
अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, चालक की तलाश जारी (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ गांव के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
मृतका की पहचान बलुआ थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव निवासी तेतरा देवी (42 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेतरा देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। वह अक्सर आसपास के गांवों में घूमकर अपना जीवनयापन करती थीं। ग्रामीणों का कहना है कि वह रोज की तरह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तेतरा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
बलुआ थाना पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार वाहनों पर प्रशासन से प्रभावी नियंत्रण की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। वहीं पुलिस ने लोगों से सड़क पार करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की है।


