Chandauli News: खाकी बेफिक्र, चंदौली में दबंग बेखौफ: घर संवार रही लड़की को लहूलुहान कर सीने पर चढ़ा हैवान

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ में घर की मरम्मत कर रही युवती से मारपीट का आरोप, हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर, मां ने पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।

Sunil Kumar
Published on: 20 Sept 2026 4:15 PM IST (Updated on: 20 Sept 2026 4:53 PM IST)
Girl beaten Case
X

खाकी बेफिक्र, चंदौली में दबंग बेखौफ: घर संवार रही लड़की को लहूलुहान कर सीने पर चढ़ा हैवान (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली में कानून का इकबाल पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। नौगढ़ के जयमोहिनी पोस्ता गांव में अपने ही आशियाने की मरम्मत कर रही एक बेबस मां-बेटी पर दबंगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। दबंग पड़ोसियों ने युवती को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेसुध कर दिया और जब वह लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़ी, तो उसके सीने पर चढ़कर खुलेआम दरिंदगी की। खाकी की मुस्तैदी का ढोल पीटने वाली पुलिस के नाक के नीचे दबंग 'प्रशासन को जेब में रखने' की धौंस जमाकर खुले घूम रहे हैं।

सफाई कर रही बेटी पर लाठी-डंडों की बरसात

घटना नौगढ़ थाना क्षेत्र की अमदहां चौकी की है। रीता देवी अपने बच्चों के साथ छप्पर और टूटी दीवार की मरम्मत में जुटी थीं। इसी दौरान पड़ोसी बलदाऊ, उसकी पत्नी बीरांगना और बेटी श्रेया वहां आ धमके और बिना वजह गाली-गलौज करने लगे। जब मां-बेटी ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो हमलावरों ने आपा खो दिया। दबंगों ने युवती को ज़मीन पर पटककर लात-घूंसों और डंडों से इस कदर पीटा कि उसकी चीखें पूरे गांव में गूंजने लगीं। मार सहते-सहते लड़की मौके पर ही बेहोश हो गई।

बेहोश लड़की से हैवानियत, सीने पर चढ़कर अश्लीलता

लड़की को अचेत देखकर भी हैवानों का दिल नहीं पसीजा। पीड़िता का आरोप है कि हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपी बलदाऊ बेहोश लड़की के सीने पर चढ़ बैठा और खुलेआम बेहद अश्लील हरकतें करने लगा। गांव के लोगों ने जब यह खौफनाक मंज़र देखा, तो किसी तरह बीच-बचाव कर दबंगों के चंगुल से लड़की की जान बचाई।

"प्रशासन मेरी मुट्ठी में है" — खुलेआम मिली जान से मारने की धमकी

वारदात को अंजाम देने के बाद भी दबंगों के चेहरे पर कानून का कोई खौफ नहीं दिखा। भागते-भागते वे पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे गए। दबंगों ने सीना ठोककर ललकारा कि "प्रशासन हमारी मुट्ठी में है, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।" इस खौफनाक वारदात के बाद से पीड़ित परिवार अपने ही घर में कैद होने को मजबूर है और इलाके में दहशत का माहौल है।

CHC से जिला अस्पताल रेफर, न्याय के इंतज़ार में लाचार परिवार

गंभीर हालत को देखते हुए युवती को सीएचसी से सीधे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां वह ज़िंदगी और मौत से जूझ रही है। पीड़िता की मां ने नौगढ़ थानाध्यक्ष को नामजद तहरीर देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। अब बड़ा सवाल यह है कि अपनी जेब में प्रशासन लेकर घूमने का दावा करने वाले इन बेखौफ गुंडों पर पुलिस का डंडा कब चलता है, या फिर खाकी यूं ही तमाशबीन बनी रहेगी?

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story