Chandrashekhar Azad: 4 जून से बिजनौर से निकलेगी ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’, 2027 के लिए आज़ाद समाज पार्टी ने भरी हुंकार

Chandrashekhar Azad: नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने 4 जून से उत्तर प्रदेश में ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर कई बड़े वादे किए।

Ashutosh Tripathi
Published on: 30 May 2026 3:29 PM IST (Updated on: 30 May 2026 6:30 PM IST)
Chandrashekhar Azad
X

Chandrashekhar Azad 

Chandrashekhar Azad: आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने आगामी 4 जून से उत्तर प्रदेश में ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बिजनौर से शुरू होगी और बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय के संकल्प के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की लड़ाई की शुरुआत करेगी।

प्रेस वार्ता में चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि 4 जून उनकी पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि इसी दिन नगीना लोकसभा सीट से पार्टी को पहली संसदीय सफलता मिली थी। उन्होंने कहा कि इस अवसर को व्यवस्था परिवर्तन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उनके अनुसार यह यात्रा केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निकाली जा रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में जनता को महंगाई, बेरोजगारी और बिजली दरों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा है। उनका आरोप था कि बिजली कटौती जारी रहने के बावजूद उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के साथ अन्याय के मामलों में बढ़ोतरी हुई है, जिन पर गंभीरता से काम किए जाने की आवश्यकता है।

समान शिक्षा व्यवस्था करेंगे लागू

शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चंद्रशेखर आज़ाद ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर कक्षा 1 से 12 तक समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही चिकित्सा, इंजीनियरिंग और विधि शिक्षा को आम लोगों के लिए सुलभ और लगभग निशुल्क बनाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का भी वादा किया।

आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को पदोन्नति में आरक्षण देने तथा अतिपिछड़े वर्गों के लिए अतिरिक्त आरक्षण की मांग दोहराई। महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का समर्थन करते हुए उन्होंने इसे सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में जरूरी कदम बताया।

चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि उनकी पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा पूरी होने के बाद ही किसी संभावित गठबंधन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का भी वादा किया।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story