TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: ऐंचवारा जंगल में जुआ गैंग पर पुलिस का छापा, एक युवक हिरासत में
Chitrakoot News: बहिलपुरवा पुलिस को मौके से बाइक, तिरपाल, ताश की गड्डी और दस जोड़ी चप्पलें मिलीं। एसपी अरुण कुमार सिंह ने जुए से जुड़े लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऐंचवारा जंगल में जुआ गैंग पर पुलिस का छापा, एक युवक हिरासत में (Photo- Social Media)
Chitrakoot News: बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के ऐंचवारा के पास गजटा के जंगल में सोमवार शाम जुआ होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस टीम को देखकर मौके पर जुआ खेल रहे लोग भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल के पास मौजूद एक युवक को पकड़ लिया। उससे पूछताछ कर जुए के इस कथित अड्डे से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की छापेमारी में मौके से मिला सामान
एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी और बहिलपुरवा थाना प्रभारी विवेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गजटा के जंगल में कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के पास मौजूद एक युवक को पकड़ लिया। मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को एक बाइक, तिरपाल, ताश की गड्डी और दस जोड़ी चप्पलें मिलीं। बरामद सामान के आधार पर पुलिस जुए में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
बहिलपुरवा थाना प्रभारी के मुताबिक, पकड़े गए युवक ने पूछताछ के दौरान जुआ संचालित करने वाले कुछ लोगों के नाम बताए हैं। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस ने संबंधित लोगों के घरों पर भी दबिश दी, लेकिन वे वहां नहीं मिले। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है और जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जुआ संचालकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बहिलपुरवा थाना प्रभारी को क्षेत्र में जुए के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी जुआ संचालित होने की जानकारी मिलने पर संबंधित लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
एसपी ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में जुआ संचालित होने की पुष्टि होती है, तो संबंधित थाना प्रभारी सहित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब गजटा के जंगल में कथित रूप से संचालित जुए के अड्डे से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।


