TRENDING TAGS :
Chitrakoot: BSA रंजना शुक्ला ने चार खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले, चार्ज लेने के आदेश
Chitrakoot News: बीएसए रंजना शुक्ला ने ग्रामीण, पहाड़ी, मानिकपुर और रामनगर में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी, तत्काल कार्यभार संभालने और स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
Chitrakoot News: चित्रकूट जिले की परिषदीय शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रंजना शुक्ला ने चार खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नए विकासखंडों की जिम्मेदारी सौंपी है। बीएसए ने तैनाती आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यशवंत सिंह को चित्रकूट ग्रामीण, शैलेश कुमार को पहाड़ी, नीरज कुमार को मानिकपुर और संजय कुमार सिंह को रामनगर विकासखंड की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को आवंटित विकासखंड के साथ अतिरिक्त प्रभार भी अग्रिम आदेशों तक सौंपा गया है। इसके लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या भत्ता देय नहीं होगा।
शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचें
बीएसए रंजना शुक्ला ने नवीन तैनाती के साथ अधिकारियों को विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचें और बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। खंड शिक्षा अधिकारी नियमित विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
चुनाव की तैयारियों को भी गंभीरता से लें
उन्होंने जनगणना और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को भी गंभीरता से लेने को कहा है। जिन विद्यालयों में पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, वहां सभी खंड शिक्षा अधिकारी भ्रमण कर बिजली, पानी, शौचालय सहित जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लें। कमियां मिलने पर तत्काल रिपोर्ट दें, ताकि जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को अवगत कराकर समय से व्यवस्थाएं पूरी कराई जा सकें।


