TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: चित्रकूट में 45 बीघा खेतों में भरा पानी, खरीफ की फसल बर्बाद; रबी की बुवाई पर संकट
Chitrakoot News: चित्रकूट के राजापुर तहसील क्षेत्र के सिकरी अमान गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से करीब 45 बीघा खेतों में पानी भरा हुआ है। इससे खरीफ की फसल बर्बाद हो गई है और रबी की बुवाई पर भी संकट मंडरा रहा है।
Chitrakoot News
Chitrakoot News: राजापुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकरी अमान में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव की करीब 45 बीघा कृषि भूमि में बरसात का पानी अब तक भरा हुआ है। इससे खरीफ की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। वहीं, खेतों में जलभराव के चलते रबी की फसल की बुवाई भी प्रभावित होने की आशंका है। खेती पर निर्भर किसान अब आर्थिक संकट को लेकर चिंतित हैं।
किसानों की समस्या को लेकर ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता से शिकायत की थी। शनिवार को एसडीएम पूजा गुप्ता लघु डाल सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सीडी मिश्रा और क्षेत्रीय लेखपाल प्रियंका गर्ग के साथ गांव पहुंचीं। उन्होंने जलभराव से प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से समस्या की जानकारी ली। एसडीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल निकासी की समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2022-23 में गांव के सुगंधा तालाब को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया गया था। निर्माण कार्य के दौरान तालाब की आउटलेट पुलिया बंद कर दी गई थी। इसके चलते बरसात का पानी तालाब से ओवरफ्लो होकर आसपास के खेतों में भर गया। लंबे समय तक पानी भरा रहने के कारण खरीफ की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। अब खेतों में पानी भरा होने से रबी की बुवाई भी नहीं हो पा रही है।
किसानों का कहना है कि खेती ही उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है। ऐसे में एक फसल बर्बाद होने के बाद दूसरी फसल की बुवाई नहीं हो पाना उनके लिए दोहरी मार साबित हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।किसान धीरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, वीरेंद्र, ननकू राम, राजेंद्र और गोविंद सहित अन्य किसानों ने खेतों से पानी निकलवाने की मांग उठाई। वहीं, भारतीय किसान यूनियन के मंडल सचिव अरुण कुमार पांडेय, तहसील अध्यक्ष यशवंत चौहान और प्रचारक अजीत शुक्ला ने जलभराव से बर्बाद हुई फसल का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


