Chitrakoot News: शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने मनाया क्रांति दिवस, CM को सौंपा ज्ञापन

Chitrakoot News: चित्रकूट में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने क्रांति दिवस मनाकर 11 मांगों का ज्ञापन सौंपा। कैशलेस चिकित्सा सुविधा और पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 9 Aug 2026 7:40 PM IST
Chitrakoot News: शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने मनाया क्रांति दिवस, CM को सौंपा ज्ञापन
X

Chitrakoot News: आज अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने शिक्षणेत्तर संघ के बैनर तले जनपद स्तर पर बैठक कर शिक्षणेत्तर क्रांति दिवस मनाया। इस अवसर पर शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा की उपस्थिति में जनपद व मंडल के पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण किया एवं भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी को अपनी मांगों का ज्ञापन भेजा।

आज प्रदेशीय नेतृत्व के आवाहन पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ (यू०पी०एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन) के जनपदीय पदाधिकारियों ने जनपद मुख्यालय चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी में एकत्रित होकर शिक्षणेत्तर क्रांति दिवस मनाया।इस अवसर पर जिले के पदाधिकारियों द्वारा बैठक कर संगठनात्मक विचार विमर्श किया गया तथा वृक्षारोपण किया गया। बैठक में उन साथियों को याद करते हुए आभार व्यक्त किया गया जिन्होंने 9 अगस्त 2016 को लखनऊ की धरती पर लाठियां खाते हुए भी अपना संघर्ष जारी रखा था।

बैठक के पश्चात् प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा की उपस्थिति में जिले के समस्त पदाधिकारी भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य के आवास में जाकर अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। शिक्षणेत्तर संघ का ज्ञापन लेते हुए जिला अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य ने आश्वासन दिया कि अतिशीघ्र माननीय मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर संगठन के ज्ञापन के साथ अपना लेटर पैड लगाकर माननीय मुख्यमंत्री जी को शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत करायेंगे।

जिला मंत्री गंगा प्रसाद ने जानकारी दी कि भाजपा जिला अध्यक्ष को दो ज्ञापन दिए गए जिसमें एक ज्ञापन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस सुविधा में शामिल करने को लेकर रहा और दूसरा संगठन की 11 प्रमुख मांगे जिसमें योग्यताधारी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की शिक्षक पद पर पदोन्नति, अर्जित अवकाश का नगदीकरण, प्रबंध समिति में भागीदारी, पुरानी पेंशन बहाली, वेतन विसंगति समाप्त करना, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी आदि मांगे रही।

मंडल अध्यक्ष लवकुश मिश्रा ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई घोषणा के क्रम में प्रदेश के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों से लेकर रसोइयों तक को निशुल्क कैशलेस सुविधा का लाभ देते हुए उनके कार्ड बनाए जा रहे हैं वहीं पर इन विद्यालय में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को इस लाभ से वंचित रखा गया है जिससे पूरे प्रदेश के शिक्षणेत्तर कर्मचारी आहत हैं।

कार्यक्रम में सम्मिलित प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि सरकार कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है जहां पर अधिक वेतन प्राप्त कर रहे शिक्षकों को निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जा रहा है वहीं पर कम वेतन प्राप्त कर रहे शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को इस लाभ से वंचित रखा गया है और उनको अपने अल्प वेतन से इलाज करना पड़ रहा है जबकि कोरोना काल में यही वर्ग कार्य करते हुए सबसे ज्यादा बीमार हुआ था। प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में हो रहा है

सभी जनपदों में बैठक कर शिक्षणेत्तर क्रांति दिवस मनाया जा रहा है और भाजपा जिला अध्यक्षों को माननीय मुख्यमंत्री जी को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया है उन्होंने आगे बताया कि यदि अति शीघ्र शासनादेश जारी नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश का शिक्षणेत्तर कर्मचारी वृहद आंदोलन के लिए तैयार है।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, मंडल अध्यक्ष लवकुश मिश्रा, मंडल संगठन मंत्री रामगोपाल, जिला मंत्री गंगा प्रसाद, जिला कोषाध्यक्ष ललक सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार, जिला संगठन मंत्री शिवकुमार, जिला प्रचार मंत्री पवन कुमार, अयोध्या प्रसाद, दशरथ सिंह, रमेश कुमार, अखिलेश कुमार, मुकेश कुमार, शिवाधार पांडेय, सुशील त्रिपाठी, चुनकू आदि मौजूद रहे।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story