Chitrakoot News: पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल छह माह बढ़ाने पर सीएम योगी का जताया आभार

Chitrakoot News: चित्रकूट में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल छह माह बढ़ाए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने सीएम योगी का आभार जताया।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 19 Nov 2026 6:51 PM IST
Chitrakoot News:  पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल छह माह बढ़ाने पर सीएम योगी का जताया आभार
X

Chitrakoot News: ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल छह माह बढ़ाए जाने के प्रदेश सरकार के फैसले का पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वागत किया है। इस निर्णय पर जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रधान संघ और ब्लॉक प्रमुखों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से धन्यवाद ज्ञापन भेजा गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटों ने कहा कि योगी सरकार में जिला पंचायत से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक विकास कार्यों को गति मिली है। गरीबों को आवास उपलब्ध कराकर उन्हें पक्की छत देने का काम किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों का पारदर्शिता के साथ चयन किया गया है। जल्द ही पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ल ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है। योगी सरकार में ग्राम सचिवालयों का विकास कराया गया। वहीं परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए कायाकल्प योजना के तहत सराहनीय कार्य हुए हैं। सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें निजी विद्यालयों के समकक्ष बनाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल छह माह बढ़ाने का निर्णय स्वागत योग्य है। प्रधानों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया है कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में पूरा सहयोग करेंगे। पंचायत प्रतिनिधि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने और गांवों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में पंचायत प्रतिनिधि सरकार के इस निर्णय का ब्याज सहित जवाब देंगे।

इस मौके पर मानिकपुर ब्लॉक प्रमुख अरविंद मिश्रा, पहाड़ी ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी, रामनगर ब्लॉक प्रमुख गंगाधर, कर्वी ब्लॉक अध्यक्ष विष्णुकांत, प्रमोद जायसवाल, प्रियंका सिंह, शंकर सिंह, विद्यासागर, विपिन मिश्रा, जगजीत सिंह, विनय सिंह, लवकुश, प्रदीप कुमार, अरुण कुमार सिंह, प्रभात पांडेय समेत प्रधान संघ के जिला और ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story