Chitrakoot News: बोलेरो से 199 किलो अवैध विस्फोटक बरामद, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Chitrakoot News: चित्रकूट की मारकुंडी पुलिस ने बोलेरो से 199 किलो विस्फोटक, जिलेटिन की छड़ें और फ्यूज बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 4 Nov 2026 9:50 PM IST
Chitrakoot News: बोलेरो से 199 किलो अवैध विस्फोटक बरामद, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
X

Chitrakoot News: मारकुंडी थाना पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान अवैध विस्फोटक सामग्री की बड़ी खेप बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 199 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें, 100 फ्यूज, सात बंडल तार और लगभग तीन किलोग्राम पाउडर बरामद किया है। विस्फोटक सामग्री के परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और विस्फोटक सामग्री के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष मारकुंडी दीपक कुमार के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक विजय प्रकाश तिवारी पुलिस टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। मंगलवार शाम थाना तिराहा, ग्राम किहुनिया के पास संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के अंदर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

पुलिस ने मौके से भौरी गांव निवासी हरीगोपाल मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा और पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आठ जिलेटिन की छड़ें बरामद हुईं, जिनका कुल वजन करीब 199 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा 100 लाल रंग के फ्यूज, लाल तार के सात बंडल और तीन पैकेट में करीब 2.945 किलोग्राम पाउडर मिला। आरोपी विस्फोटक सामग्री के परिवहन से संबंधित कोई वैध अभिलेख नहीं दिखा सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारकुंडी थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, विस्फोटक सामग्री ढोने में प्रयुक्त बोलेरो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय प्रकाश तिवारी, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र उपाध्याय और आरक्षी संदीप यादव शामिल रहे।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Shukla (Chitrakoot)

sunilshukla@newstracksite.vocalwire.com
Next Story